33 C
Lucknow
Tuesday, March 31, 2026

रोडवेज बस स्टॉप पर यात्री से दोहरी चोरी, बैग के साथ अन्य सामान भी हुआ गायब, जांच में जुटी पुलिस

Must read

फर्रुखाबाद। शहर के रोडवेज बस स्टॉप पर मंगलवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जहां एक यात्री का बैग संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। हैरानी की बात यह रही कि कुछ ही देर बाद पीड़ित का अन्य सामान भी रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार महबूब राजा पुत्र फैयाज, निवासी भरोसा (जनपद बरेली), बरेली डिपो की बस से फर्रुखाबाद पहुंचे थे। वह बकरी पालन का कार्य करते हैं और इसी सिलसिले में बरेली से चावल, नमकीन, बिस्किट सहित अन्य घरेलू सामान खरीदकर लौट रहे थे। बस स्टॉप पर उतरते समय उनके पास अधिक सामान होने के कारण उन्होंने पहले चावल की बोरी नीचे रख दी और फिर बैग लेने के लिए दोबारा बस में चढ़े। लेकिन जब वह अंदर पहुंचे तो उनका बैग गायब था।
पीड़ित के मुताबिक बैग में करीब 4500 रुपये नकद, दो जोड़ी कपड़े, तीन जोड़ी कृत्रिम कंगन, दो जोड़ी चप्पल समेत अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। बैग गायब होने के बाद उन्होंने बस के चालक और परिचालक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों मौके से जा चुके थे। फोन करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को मौखिक सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बस से जुड़े लोगों एवं यात्रियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि बस में कई यात्री सवार थे, ऐसे में आशंका है कि किसी ने मौका पाकर बैग उठा लिया हो।
इसी बीच एक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पीड़ित पुलिस के साथ बैग की तलाश में लगा हुआ था। इस दौरान उनका बाकी सामान, जिसमें चावल की बोरी और खाने-पीने का सामान शामिल था, ई-रिक्शा से भी गायब हो गया। पीड़ित ने बताया कि चावल की बोरी की कीमत करीब 2000 रुपये और अन्य सामान लगभग 1000 रुपये का था।
इस दोहरी घटना से पीड़ित बेहद परेशान और हताश नजर आया। वहीं रोडवेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टॉप पर आए दिन चोरी और सामान गायब होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article