नई दिल्ली: संसद (Parliament ) के बजट सत्र (Budget session) का आज 10वां दिन भी सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी टकराव की भेंट चढ़ गया। लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कथित तौर पर बोलने नहीं दिए जाने के मुद्दे पर विपक्षी दलों का हंगामा थमता नजर नहीं आया। लगातार शोर-शराबे के चलते लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे और फिर दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी, जबकि राज्यसभा में हंगामे के बावजूद कार्यवाही जारी रही।
लोकसभा में विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार आम बजट 2026 पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और विपक्षी सांसदों को चर्चा में भाग लेना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्पीकर ओम बिरला के साथ हुई बैठक में ऐसी कोई सहमति नहीं बनी थी, जैसा कि राहुल गांधी दावा कर रहे हैं।
संसद में जारी गतिरोध के बीच विपक्षी खेमा अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में जुट गया है। समाचार एजेंसियों पीटीआई और एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विपक्षी दल स्पीकर से मुलाकात के बाद आज ही अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। हालांकि इससे पहले 9 फरवरी को यह संकेत दिए गए थे कि अविश्वास प्रस्ताव बजट सत्र के दूसरे चरण में लाया जाएगा।
इसी बीच संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने 4 फरवरी की लोकसभा कार्यवाही का एक वीडियो साझा करते हुए विपक्षी सांसदों के व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उस दिन सदन में धक्का-मुक्की जैसे हालात बन गए थे, जिससे भाजपा के सांसद, विशेषकर महिला सांसद, बेहद नाराज थीं। रिजिजू के अनुसार भाजपा की महिला सांसदों ने इस संबंध में स्पीकर से लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है और अब अध्यक्ष के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के आज राज्यसभा में बजट 2026 पर चर्चा पूरी होने के बाद सरकार की ओर से जवाब देने की संभावना है। दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर सदन में चर्चा कराए जाने की मांग उठाई है। लोकसभा में आज बजट 2026 पर चर्चा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन प्रश्नकाल से ही हंगामे के चलते कार्यवाही बाधित रही। बार-बार स्थगन के बाद अंततः दोपहर सवा दो बजे लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
उधर, प्रधानमंत्री की सीट के घेराव और सदन के वेल में उतरकर प्रदर्शन करने के मामले को लेकर भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बजट सत्र के दौरान लगातार बाधित हो रही लोकसभा कार्यवाही से अहम विधायी कामकाज पर असर पड़ने की आशंका गहराती जा रही है, जबकि सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होता दिख रहा है।


