पारिवारिक विवाद पर बोले लालू यह हमारे घर का मामला, घर में ही सुलझाएंगे

0
29

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली करारी हार और तेजस्वी यादव व रोहिणी आचार्य के बीच विवाद की चर्चाओं के बीच राजद की अहम बैठक सोमवार को पटना में हुई। इस बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पहली बार पारिवारिक कलह पर प्रतिक्रिया दी। लालू ने नेताओं से कहा कि तेजस्वी और रोहिणी के बीच जो भी विवाद हुआ है, वह उनका पारिवारिक मामला है और इसे घर में ही आपसी बातचीत से सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा, “मैं इसे निपटाने के लिए वहीं हूं, घर की बातें घर में ही ठीक होती हैं।”

राजद की इस महत्वपूर्ण बैठक में राबड़ी देवी, मीसा भारती, जगदानंद सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुना गया। लालू यादव ने तेजस्वी की तारीफ करते हुए कहा कि चुनाव के लिए उन्होंने काफी मेहनत की और पार्टी को मजबूती से आगे बढ़ाया। करीब चार घंटे चली समीक्षा बैठक में तेजस्वी ने जीतने और हारने वाले प्रत्याशियों के साथ विस्तृत चर्चा की। लालू ने यह भी कहा कि तेजस्वी ही नेता प्रतिपक्ष होंगे।

बैठक में चुनाव परिणामों को लेकर संभावित धांधली और मैनिपुलेशन पर भी चर्चा हुई। कई नेताओं ने दावा किया कि मतदान से पहले महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे गए, जिससे चुनाव प्रभावित हुआ। उजियारपुर विधायक आलोक मेहता और पूर्व विधायक अख्तरुल ईमान शाहीन ने कहा कि चुनाव बेहद अप्रत्याशित रहा और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी हुई। इस मामले को महागठबंधन के साथी दलों के साथ मिलकर आगे कोर्ट ले जाने पर विचार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 243 सदस्यीय विधानसभा में राजद मात्र 25 सीटें ही जीत पाई, जो 2010 के बाद उसका दूसरा सबसे कमजोर प्रदर्शन है। हार के बाद पार्टी और परिवार दोनों में हलचल बढ़ गई है और अब लालू यादव स्वयं मोर्चा संभालने में जुट गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here