वाराणसी। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंकज चौधरी ने पत्रकारों से सीधी बातचीत करते हुए केंद्र सरकार द्वारा लागू विकसित भारत–रोज़गार व आजीविका गारंटी मिशन–ग्रामीण (VB-G राम G) अधिनियम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कानून ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को मिलने वाले रोज़गार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को अधिक सुनिश्चित आय मिलेगी और आर्थिक स्थिरता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इससे कृषि सीजन के दौरान श्रम का संतुलन भी बना रहेगा और मजदूरों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध होगा।
पंकज चौधरी ने कहा कि यह कानून ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की ओर होने वाले पलायन को रोकने में सहायक साबित होगा। गांव में ही काम मिलने से युवाओं और श्रमिकों को अपने परिवार के साथ रहने का अवसर मिलेगा और गांवों के समग्र विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक ठोस पहल है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश इस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखेगी, ताकि हर पात्र ग्रामीण परिवार को इसका पूरा लाभ मिल सके।






