– मंत्री राकेश सचान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, जगह-जगह हुआ अभिनंदन
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के कानपुर आगमन पर शहर में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। कानपुर की पावन धरती पर पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान ने किया। उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पंकज चौधरी का फूल-मालाओं और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंकज चौधरी का कानपुर आगमन संगठन के लिए प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं का उत्साह भी लगातार बढ़ रहा है।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनके समर्पण और परिश्रम के कारण ही पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्थन व्यक्त किया।
कानपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का ऐतिहासिक स्वागत


