फर्रुखाबाद| शहर के फतेहगढ़ क्षेत्र में रविवार को पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। नगर पालिका परिषद द्वारा कंपनी बाग स्थित ओवरफ्लो पाइप को मुख्य सप्लाई लाइन से जोड़ने के लिए आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है। इस कारण पानी की टंकी से होने वाली नियमित जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि फतेहगढ़ जोन में जल व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए यह तकनीकी कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान पानी की टंकी से सप्लाई रोकनी पड़ेगी, जिससे आठ मोहल्लों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जिन मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी, उनमें वालटोली, नवदिया, भूसा मंडी, हाथीखाना, बरगदिया घाट, रंगसजान, लमंडी बजाजा और संगत दालमंडी शामिल हैं। इन क्षेत्रों में लगभग 7 हजार घरेलू जल कनेक्शन हैं, जो इस अस्थायी बंदी से प्रभावित होंगे।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि जिन इलाकों में पानी की अधिक समस्या उत्पन्न होगी, वहां नगर पालिका की ओर से टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह पहले से कर लें और सहयोग बनाए रखें।
इधर शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर अन्य स्थानों पर भी समस्याएं बनी हुई हैं। फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर लेखपुर के पास पाइपलाइन टूटने से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि काफी समय से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। इसके अलावा शिव नगर कॉलोनी और कादरी गेट क्षेत्र में भी पाइपलाइन टूटने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
शहरवासियों का कहना है कि एक ओर जहां मेंटेनेंस के नाम पर सप्लाई बंद की जा रही है, वहीं दूसरी ओर टूटी पाइपलाइनों से पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि मेंटेनेंस कार्य के साथ-साथ लीकेज और टूटी पाइपलाइनों की भी तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि जल संकट की समस्या से राहत मिल सके।
आठ मोहल्लों में आज बंद रहेगी पानी की सप्लाई, मेंटेनेंस कार्य के चलते 7 हजार कनेक्शन प्रभावित


