37.2 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

पांड्या पर तिरंगे के अपमान का आरोप: बेंगलुरु में शिकायत दर्ज

Must read

बेंगलुरु। टी-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत बेंगलुरु में दी गई है। यह शिकायत वाजिद खान बिडकर ने दर्ज कराई है, जो पुणे के निवासी हैं। उनका आरोप है कि टी-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद जश्न के दौरान तिरंगे की गरिमा का ध्यान नहीं रखा गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार टीम इंडिया की जीत के बाद मैदान में जश्न मनाते हुए कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में हार्दिक पंड्या अपने कंधे पर तिरंगा ओढ़कर मैदान पर नाचते और दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि जश्न के दौरान वह मंच पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए भी नजर आए और उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के विपरीत है।

वाजिद खान बिडकर ने कहा कि द प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 के तहत राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। उनका आरोप है कि जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या इस बात का ध्यान नहीं रख पाए, जिसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की श्रेणी में माना जा सकता है।

इस मामले में उन्होंने उक्त कानून की धारा 2 के तहत शिकायत दर्ज कराई है। यह कानून राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान को रोकने के लिए बनाया गया है। इसके तहत तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, अनुचित तरीके से पहनना या किसी भी तरह उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय अपराध माना जाता है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी है। शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए।

हालांकि वकील ने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत देश में कहीं भी दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी प्रति भी उन्हें दे दी। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच के बाद तय होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article