फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की उपस्थिति में सोमवार को तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम बरौन (Village Baraun) में धान की क्रॉप कटिंग (Paddy crop cutting) की गई। ग्राम के गाटा संख्या 459/1.951 में स्थित 0.162 हेक्टेयर क्षेत्रफल में किए गए इस परीक्षण में औसतन 8.450 किलोग्राम धान पाया गया।
इस मौके पर तहसीलदार सदर सनी कनौजिया, राजस्व निरीक्षक कुलदीप शुक्ला, लेखपाल हिमांशु गुप्ता समेत स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने मौके पर धान की पैदावार, कटाई प्रक्रिया और भूमि उपज के आकलन की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि क्रॉप कटिंग का यह परीक्षण फसल उत्पादन के वास्तविक आंकड़ों को परखने और कृषि विभाग की योजनाओं के लिए आधार तैयार करने के उद्देश्य से किया गया है। जिलाधिकारी ने कृषकों से संवाद करते हुए बेहतर कृषि तकनीक अपनाने और धान कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाने की अपील भी की।


