खेलते समय दिमाग की नस फटने से 22 वर्षीय कैफ की मौत, परिवार में कोहराम
मेरठ। मेरठ में ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। पबजी खेलते समय एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह दर्दनाक मामला देहली गेट थाना क्षेत्र के खैरनगर का बताया जा रहा है।
मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय कैफ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कैफ ईयरफोन लगाकर मोबाइल पर पबजी खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घबराए परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई।
हाई ब्लड प्रेशर बना मौत की वजह
चिकित्सकों के अनुसार, कैफ को पहले से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। अत्यधिक तनाव और लगातार गेम खेलने के दौरान दिमाग पर पड़े दबाव के कारण उसकी दिमाग की नस फट गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
घर में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें कभी अंदेशा नहीं था कि मोबाइल गेम की लत इतनी खतरनाक साबित हो सकती है।
बढ़ती गेमिंग लत पर चिंता
यह घटना एक बार फिर युवाओं में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक मोबाइल गेम खेलने से मानसिक तनाव, नींद की कमी और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं बढ़ती हैं, जो जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में किसी तरह की आपराधिक स्थिति नहीं है। युवक की मौत बीमारी और स्वास्थ्य कारणों से हुई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह घटना अभिभावकों और युवाओं दोनों के लिए चेतावनी है कि मोबाइल गेमिंग को मनोरंजन तक ही सीमित रखें, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here