विधायक अरविंद सिंह सख्त, अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार
शाहजहांपुर, 06 अप्रैल। ददरौल से विधायक अरविंद सिंह ने सोमवार को रौज़ा मंडी पहुंचकर गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्थाओं और संदिग्ध खरीद पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान बोरे की कमी के चलते किसानों का गेहूं न तौले जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए डिप्टी एआरएमओ राकेश मोहन पांडेय को फोन कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। शाम करीब 6 बजे आरएफसी सेंटर पर अचानक गेहूं खरीद शुरू होने की सूचना पर विधायक मौके पर पहुंचे तो पाया कि खरीद निर्धारित क्रय केंद्र के बजाय एक आढ़ती के फड़ पर की जा रही है। यह देख विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने तत्काल एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, एसडीएम सदर संजय पांडेय समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुला लिया। विधायक के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 180 बोरी गेहूं सीज कर मंडी समिति के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
मंडी में आने वाले किसानों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर खरीद कराई जाएगी। साथ ही वारदाना की कमी की समस्या को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।


