हरदोई, पिहानी: सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव अंबेडकर (Ambedkar) के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अनुसूचित जाति समुदाय में भारी रोष फैल गया। भीम आर्मी की तहसील इकाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग इटारा गांव पहुंचे और पिहानी–करावां मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी की। कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बताया गया कि इटारा गांव निवासी विशेष दीक्षित ने सोशल मीडिया पर डॉ. अंबेडकर के संबंध में अभद्र पोस्ट साझा की थी। पोस्ट सामने आते ही गांव से लेकर पिहानी क्षेत्र तक आक्रोश फैल गया और अनुसूचित जाति समुदाय के लोग एकजुट होने लगे।
भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य, तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, कामता प्रसाद, राकेश सहित बड़ी संख्या में लोग इटारा गांव पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी से सार्वजनिक माफी की मांग की और इसी को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी छोटेलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति उत्पीड़न अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में विशेष दीक्षित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


