कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के इटावा-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस्पात नगर के पास बने पुल के ऊपर एक तेज रफ्तार डंपर ने नेपाल जा रही डबल डेकर टूरिस्ट बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 57 यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। बस नासिक से चलकर अयोध्या होते हुए नेपाल जा रही थी। इस्पात नगर पुल पर तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने बस की खिड़कियां तोड़कर और लोहे के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायलों में से 15 लोगों को साधारण चोटें आई हैं, जबकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और एक की हालत बेहद नाजुक है। सभी घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


