कौशाम्बी: बीआरसी सरसवां में मंगलवार को विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन और खंड शिक्षा अधिकारी राजीव प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रधानाध्यापक अमर सिंह (प्राथमिक विद्यालय धवाड़ा) और एसएमसी सदस्यों द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान संदर्भदाता राजू केसरवानी ने विद्यालय प्रबंध समिति की संरचना, गठन, कार्यकाल और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के संचालन और विकास में एसएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इसके बाद संदर्भदाता आशुतोष सिंह ने विद्यालय विकास योजना, अभिभावकों की सहभागिता और सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से विद्यालयों की गुणवत्ता और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।
समापन सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने एसएमसी के बैंक खाते के संचालन, विद्यालय विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समिति की जिम्मेदारियों के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से बताया। इस दौरान प्रतिभागियों को जनपहल मॉड्यूल भी वितरित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, एसएमसी अध्यक्ष तथा बीआरसी स्टाफ मौजूद रहा और प्रतिभागियों के लिए लंच व जलपान की भी व्यवस्था की गई।


