21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

इटावा सेक्शन में ओएचई फाल्ट से दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग ठप, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें एक घंटे फंसी रहीं

Must read

 

इटावा। देश के व्यस्ततम रेल मार्गों में शुमार दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब इटावा सेक्शन में ओवर हेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। खराबी के चलते अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल संचालन करीब एक घंटे तक बाधित रहा। इस दौरान वंदे भारत और नीलांचल एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:57 बजे इटावा जंक्शन और इकदिल स्टेशन के बीच ओएचई लाइन में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। ओएचई लाइन में आई खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ट्रेनों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोकना पड़ा। रेल यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सिग्नल विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और खामी की तलाश शुरू की।
इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों और बीच ट्रैक पर खड़ी रहीं। ट्रेनें रुकने से यात्रियों को गर्मी और देरी की परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों ने रेलवे से समय पर सूचना न मिलने की शिकायत भी की। कुछ ट्रेनों में पेयजल और अन्य सुविधाओं को लेकर भी असुविधा की बात सामने आई।
रेलवे सूत्रों के अनुसार तकनीकी टीम ने तेजी से काम करते हुए ओएचई लाइन में आई खराबी को 6:48 बजे तक ठीक कर लिया। लगभग 51 मिनट तक प्रभावित रहे रेल संचालन को बहाल करते ही ट्रेनों को क्रमवार रवाना किया गया। इसके बाद धीरे-धीरे रेल यातायात सामान्य हो सका, हालांकि कुछ ट्रेनों का समय प्रभावित रहा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ओएचई लाइन में आई तकनीकी खामी की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा न उत्पन्न हो। उन्होंने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article