कौशाम्बी। मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के कब्जे के कारण रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। सवारी के इंतजार में चालक अपने वाहन सीधे गेट के सामने खड़े कर देते हैं, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि अस्पताल के सामने लंबी कतार लग जाती है।
ओसा रोड स्थित वाहन पार्किंग स्थल होने के बावजूद सवारी वाहन मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने ही खड़े रहते हैं। इसके कारण सड़क संकरी हो जाती है और जाम लग जाता है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों और एंबुलेंस को होती है। कई बार एंबुलेंस को भी अस्पताल तक पहुंचने में देरी हो जाती है, जिससे गंभीर मरीजों के इलाज में भी बाधा आती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जाम में फंसे लोगों का कहना है कि यह समस्या रोज की हो गई है। समदा निवासी सानू ने बताया कि वह ओसा मंडी काम से जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज गेट पर जाम में फंस गए। उनका कहना है कि यहां ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी भरते हैं, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। वहीं प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि वह मरीज को कार से मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे, लेकिन गेट पर जाम के कारण काफी देर तक फंसे रहे।
ट्रैफिक सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज गेट पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाती है। सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम लगाने वाले सवारी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें।


