फर्रुखाबाद: महिला कल्याण विभाग लखनऊ (Women Welfare Department Lucknow) के निर्देशानुसार बाल विवाह (child marriage) रोकथाम हेतु संचालित 100 दिवसीय कार्य योजना के अंतर्गत आज जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में विकासखंड राजेपुर स्थित ग्राम गांधी के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला राजपूत ने बालिकाओं एवं अध्यापिकाओं को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि उनके भविष्य के अवसरों को भी सीमित कर देता है।
इस अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी छात्राओं को दी गई। स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को चिन्हित किया गया, जबकि एक बालिका को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत चयनित किया गया। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन श्रीमती ममता रानी, वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर पूजा पाल तथा विद्यालय की अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज, विद्यालय और प्रशासन को मिलकर सतत प्रयास करने होंगे, तभी बालिकाओं को सुरक्षित और सशक्त भविष्य प्रदान किया जा सकेगा।


