नवाबगंज में चोरों ने ट्रांसफार्मर का तेल उड़ाया, किसान को हुआ नुकसान

0
58

नवाबगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा सिरोली में चोरों ने बीती रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गांव निवासी प्रशांत कुमार के खेत पर लगी समर सेवल (पंप सेट) के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने उसका तेल चोरी कर लिया।
घटना 29 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। किसान प्रशांत कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह रात को खेत से लौट आए थे, लेकिन सुबह जब वे खेत पर पहुंचे तो देखा कि ट्रांसफार्मर की निचली सतह तोड़ी गई थी और उसमें भरा तेल पूरी तरह गायब था। यह देखकर किसान के होश उड़ गए।
प्रशांत कुमार ने तुरंत इस घटना की सूचना थाना नवाबगंज पुलिस को दी और तहरीर सौंप दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ट्रांसफार्मर तेल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से ऐसे चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
गांव के लोगों ने बताया कि रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त न के बराबर होती है। किसानों का कहना है कि अगर समय पर निगरानी बढ़ाई जाए तो इस तरह की वारदातें रोकी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here