फर्रुखाबाद। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा गली में सड़क निर्माण के लिए की जा रही खुदाई को लेकर शनिवार को भारी विवाद खड़ा हो गया। सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन से आलू की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाए जाने पर ग्रामीणों और किसानों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए बिना पूर्व सूचना और बिना मुआवजा दिए ठेकेदार द्वारा जबरन खेतों में जेसीबी चला दी गई, जिससे किसानों की कई बीघा आलू की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। जैसे ही जेसीबी मशीन खेतों में चलती देखी गई, मौके पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रशासन के खिलाफ लगे नारे
आक्रोशित ग्रामीणों और किसानों ने मौके पर “जिला प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए और कार्य को तत्काल रोकने की मांग की। हालात बिगड़ते देख पुलिस और लेखपाल मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनके मना करने के बावजूद ठेकेदार ने बुल्डोजर नहीं रोका और खुदाई का कार्य जारी रखा।
किसानों ने सौंपा शिकायती पत्र
फसल बर्बाद होने से आहत किसानों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और फसल का मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि आलू की फसल उनकी साल भर की मेहनत होती है, ऐसे में बिना अनुमति फसल नष्ट किया जाना बेहद अन्यायपूर्ण है।
तनावपूर्ण रहा माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और मुआवजा नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






