फर्रुखाबाद। कानपुर मंडल की अपर आयुक्त रेनू सिंह ने शुक्रवार को कमालगंज स्थित विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अभिलेखों, कार्यालय व्यवस्था तथा जनसुविधाओं की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से ब्लॉक परिसर में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी और सक्रियता बढ़ गई तथा अधिकारी तुरंत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए।
निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन में गंदगी और कई प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इस पर अपर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने और कैंटीन संचालन को नियमों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर आयुक्त ने शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने आइजीआरएस तथा जनता दर्शन से संबंधित रजिस्टरों की जांच की, जिसमें कई कमियां सामने आईं। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को रजिस्टरों का सही तरीके से रखरखाव करने और प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने ब्लॉक परिसर में पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर्मचारियों व आम जनता के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण केंद्र बंद होने की शिकायत भी सामने आई, जिस पर अपर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि शासन की योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण के बाद ब्लॉक कार्यालय में कर्मचारियों के बीच कार्यप्रणाली को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। इस दौरान जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे ।
विकासखंड का निरीक्षण : गंदगी व अनियमितताओं पर अपर आयुक्त ने लगाई फटकार


