लखनऊ
प्रदेश सरकार ने रविवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए नौ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को उनके वर्तमान पदों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से अहम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी अनुराग यादव को समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं एम. देवराज को प्रमुख सचिव, नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के पद पर बनाए रखते हुए प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा आलोक कुमार-तृतीय को उनके वर्तमान पद के साथ आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग सौम्य बाबू को दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सूची में रवि रंजन को विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बनाया गया है, जबकि टी.के. शिबू को उनके वर्तमान पद के साथ यूपी एग्रो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। हिमांशु कौशिक को प्रबंध निदेशक, यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, आईएएस सौम्या गुरुरानी को नगर आयुक्त, नगर निगम शाहजहांपुर नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. विपिन कुमार मिश्रा को अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पद पर तैनात किया गया है।
सरकार के इस तबादला आदेश के बाद विभिन्न विभागों में कार्यप्रणाली में बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रशासनिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है, जिससे शासन के कामकाज में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।


