यूथ इंडिया मे छपी खबरों का शासन नें लिया संज्ञान
अपर शिक्षा निदेशक ने जांच के बाद की कार्रवाई

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर गिरी शासन की गाज

कमालगंज। ब्लॉक के चर्चित खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह को आखिरकार शासन ने निलंबित कर दिया है। लंबे समय से विवादों में रहे अनूप कुमार सिंह पर लगातार लग रहे गंभीर आरोपों और कार्यप्रणाली को लेकर उठते सवालों के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। निलंबन की यह कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर कड़ी नाराजगी और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

मामला 31 मई का है, जब पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग मनोज कुमार राय द्वारा अमृतपुर ग्राम पंचायत का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय अमृतपुर द्वितीय में विद्यालय पर ताला लटका मिला। शैक्षणिक व्यवस्था की इस गंभीर लापरवाही को देखकर विशेष सचिव ने गहरी नाराजगी जताई और मौके पर ही खंड शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दे दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा अनूप कुमार सिंह से स्पष्टीकरण तलब किया गया, लेकिन दिया गया जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को संतुष्ट नहीं कर सका। परिणामस्वरूप शासन ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित करते हुए पूरे प्रकरण की जांच के लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक, कानपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन अवधि में अनूप कुमार सिंह का मुख्यालय कार्यालय मंडलीय शिक्षा निदेशक, कानपुर मंडल निर्धारित किया गया है।इस संबंध में निलंबन आदेश अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम पाल द्वारा जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह की कार्यप्रणाली को लेकर कई बार सवाल उठ चुके थे। शिक्षकों द्वारा उन पर गंभीर आरोप लगाए जाते रहे हैं, जिनसे जुड़ी खबरें यूथ इंडिया द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित की जाती रही हैं। लगातार विवादों में रहने और निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही के बाद यह कार्रवाई शिक्षा विभाग में अनुशासन बहाल करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here