धार्मिक स्थलों की निगरानी अब एआई कैमरों से, यूपी पर्यटन विभाग लाएगा ‘स्मार्ट टूरिज्म’ सिस्टम

0
47

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अब अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करने जा रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी), राम मंदिर (अयोध्या) और गोरखनाथ मंदिर (गोरखपुर) में जल्द ही एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कैमरा आधारित ‘फुटफॉल काउंटिंग सिस्टम’ लगाया जाएगा। यह सिस्टम श्रद्धालुओं और पर्यटकों की रियल-टाइम निगरानी व गणना करेगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विभाग ने इस परियोजना के लिए इच्छुक एजेंसियों से ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ (ईओआई) आमंत्रित किए हैं। इस सिस्टम के माध्यम से आने वाले हर श्रद्धालु की गणना होगी और भीड़ के घनत्व, प्रवाह और सुरक्षा का विश्लेषण किया जाएगा। जयवीर सिंह ने उच्च अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर इस परियोजना पर विस्तार से चर्चा की। पर्यटन विभाग का कहना है कि यह पहल राज्य में स्मार्ट टूरिज्म और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। चयनित एजेंसी को इन स्थलों पर सिस्टम की स्थापना, डेटा विश्लेषण और रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस तकनीक के तहत पूरी प्रणाली के डिजाइन, डेवलपमेंट, इंस्टॉलेशन और मेंटेनेंस का कार्य चयनित एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इसमें फेस रिकग्निशन, फुटफॉल काउंटिंग, व्यवहारिक विश्लेषण और इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम जैसी उन्नत तकनीकें शामिल होंगी। यह प्रणाली भीड़ के प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी और आपात स्थिति में त्वरित अलर्ट देने में मदद करेगी। पर्यटन विभाग के उप निदेशक के अनुसार, यह एआई आधारित पहल पर्यटन स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के आंकड़ों को पारदर्शी बनाएगी। इससे भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं के विस्तार में वैज्ञानिकता आएगी। अधिकारियों का कहना है कि काशी, अयोध्या और गोरखपुर के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को यह तकनीकी नवाचार एक सुरक्षित और स्मार्ट यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here