35 C
Lucknow
Wednesday, April 1, 2026

न्यूयॉर्क ने सुरक्षा चिंताओं के बाद टिक-टॉक पर से हटाया प्रतिबंध

Must read

– सरकारी एजेंसियां फिर होंगी सक्रिय

न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क सिटी प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए लोकप्रिय शॉर्ट-वीडियो ऐप टिकटॉक पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया है। करीब तीन साल बाद यह प्लेटफॉर्म एक बार फिर शहर की सरकारी एजेंसियों के लिए खुल गया है।

शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा, “टिकटॉक, हम वापस आ गए हैं।” उन्होंने खुद इस प्लेटफॉर्म पर आकर इस फैसले की जानकारी दी, जिससे यह निर्णय चर्चा में आ गया।

मेयर कार्यालय के अनुसार अब न्यूयॉर्क सिटी की सरकारी एजेंसियां टिकटॉक पर फिर से पोस्ट कर सकेंगी, लेकिन इसके लिए उन्हें सख्त साइबर सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 में तत्कालीन मेयर एरिक एडम्स ने सुरक्षा चिंताओं के चलते टिकटॉक पर प्रतिबंध लगाया था। उस समय अमेरिका के कई अन्य राज्यों और संघीय संस्थानों ने भी इसी तरह के कदम उठाए थे।

इस प्रतिबंध की मुख्य वजह टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस को लेकर उठी डेटा सुरक्षा संबंधी चिंताएं थीं। आशंका जताई गई थी कि उपयोगकर्ताओं का डेटा चीनी सरकार तक पहुंच सकता है।

हालांकि टिकटॉक ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया और कहा कि वह उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इन चिंताओं को कम करने के लिए कंपनी ने अपने अमेरिकी संचालन को अलग (स्पिन-ऑफ) करने की दिशा में कदम भी उठाए, ताकि डेटा सुरक्षा को लेकर भरोसा बहाल किया जा सके।

न्यूयॉर्क साइबर कमांड, जो शहर की डिजिटल सुरक्षा देखता है, ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। उसके अनुसार, यह कदम शहर की संचार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है।

अधिकारियों का मानना है कि टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए सरकार सीधे युवाओं और आम लोगों तक अपनी बात प्रभावी तरीके से पहुंचा सकती है।

हालांकि इस बार प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी एजेंसियों को तय मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह फैसला दिखाता है कि सरकारें अब सोशल मीडिया के प्रभाव को नजरअंदाज नहीं कर सकतीं, बल्कि उसे नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article