लखनऊ
राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज स्कूल गोलीकांड में अब एक नया मोड़ सामने आया है। आरोपी विजय पाल के बेटे प्रांजुल ने घटना के बाद व्हाट्सऐप कॉल के जरिए स्कूल प्रिंसिपल से अपने पिता की गलती के लिए माफी मांगी है। इस घटनाक्रम के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है, वहीं पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज स्थित प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में गुरुवार दोपहर वेल्डिंग कारीगर विजय पाल ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर गोली चला दी थी। गोली उनके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय स्कूल में मौजूद करीब 150 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसी बीच शुक्रवार रात आरोपी के बेटे प्रांजुल ने प्रिंसिपल के भतीजे के मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल कर कहा, “मेरे पापा से गलती हो गई, उन्हें माफ कर दीजिए, उन्हें अपनी गलती का एहसास है।” इस कॉल की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने में अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। वारदात के समय लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह असलहे की धमकी देकर कार से फरार हो गया। फिलहाल आरोपी अपनी पत्नी और बेटे के साथ फरार बताया जा रहा है।
रहीमाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच टीमों का गठन किया है, जो तीन जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने न केवल शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। वहीं, आरोपी के बेटे द्वारा माफी मांगने के बाद मामला मानवीय संवेदनाओं से भी जुड़ गया है, लेकिन कानून व्यवस्था के तहत पुलिस अपनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


