काठमांडू। नेपाल में 2026 के आम चुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। ताजा जानकारी के अनुसार पार्टी 13 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और करीब 101 सीटों पर आगे चल रही है।
चुनाव आयोग से मिल रहे रुझानों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस फिलहाल एक सीट जीत चुकी है और 11 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि CPN-UML लगभग 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
इस बीच नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पा कमल दहल उर्फ प्रचंड ने भी अपनी सीट पर जीत हासिल कर ली है, जिससे उनके समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
मतगणना के दौरान कुछ प्रमुख सीटों के रुझान भी सामने आए हैं। झापा-5 सीट से बालेन शाह लगभग 32,336 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि भक्तपुर-2 सीट से राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के उम्मीदवार राजीव खत्री करीब 33,013 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं।
हालांकि अभी कई सीटों की मतगणना जारी है और अंतिम नतीजे आने में समय लग सकता है। चुनाव आयोग के अनुसार सभी सीटों के परिणाम घोषित होने के बाद ही सरकार गठन की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
नेपाल के इन चुनावों को देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शुरुआती रुझानों ने संकेत दिए हैं कि इस बार नई राजनीतिक ताकतें भी मजबूत होकर उभर सकती हैं, जिससे नेपाल की राजनीतिक दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है।
नेपाल आम चुनाव 2026: मतगणना जारी, बालेन शाह की पार्टी को बढ़त


