लखनऊ राजधानी बुधवार को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। परम पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके दिव्य चरित्र और आध्यात्मिक उपदेशों पर आधारित एक भावपूर्ण फिल्म का पोस्टर आज भव्य समारोह में रिलीज किया जाएगा।
इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं, हिंदी सिनेमा जगत के मशहूर और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर विशिष्ट अतिथि के रूप में इस समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
यह पोस्टर विमोचन समारोह राय उमानाथ बली सभागार, कैसरबाग, लखनऊ में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगा। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में फिल्म जगत, कला और संस्कृति से जुड़े लोग, साधु-संत, बाबा के अनुयायी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
क्यों खास है यह फिल्म?
नीब करौरी बाबा (जिन्हें नीम करौली बाबा के नाम से भी जाना जाता है) देश और दुनिया में भक्ति, साधना और सरल जीवन के लिए पूजनीय माने जाते हैं। उनके आश्रम केवल भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी स्थित हैं। गूगल के पूर्व सीईओ लैरी पेज और फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग जैसे कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों ने बाबा नीब करौरी से प्रेरणा लेने की बात सार्वजनिक रूप से कही है।
बाबा के अनुयायियों का मानना है कि उनका जीवन करुणा, सेवा और अध्यात्म का ऐसा संदेश देता है जो आज की पीढ़ी को भी दिशा दिखा सकता है। फिल्म इसी दर्शन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाने का प्रयास है।
कार्यक्रम की घोषणा के बाद से ही बाबा के अनुयायियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लखनऊ सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अवसर के गवाह बनने के लिए पहुंच रहे हैं। सभागार को धार्मिक और सांस्कृतिक रंगों से सजाया जा रहा है।
आयोजकों का कहना है कि यह फिल्म केवल एक सिनेमा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक संदेश और सामाजिक चेतना का माध्यम होगी। इसके जरिए आने वाली पीढ़ियां बाबा के विचारों और उनकी जीवनशैली से प्रेरणा लेंगी।
फिल्म जगत में यथार्थपरक और सामाजिक विषयों पर फिल्में बनाने के लिए मशहूर निर्देशक मधुर भंडारकर की इस कार्यक्रम में मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि उनकी उपस्थिति इस फिल्म को और अधिक प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
लखनऊ, जिसे तहज़ीब और संस्कृति का शहर माना जाता है, आज एक अनोखे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन का गवाह बनेगा। इस पोस्टर विमोचन को न केवल श्रद्धालु बल्कि कला और संस्कृति से जुड़े लोग भी यादगार क्षण के रूप में देख रहे हैं।





