34 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की माता शैलपुत्री की पूजा

Must read

फर्रुखाबाद। चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही जिलेभर के देवी मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन ही सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मंदिरों में “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी पारंपरिक वेशभूषा में पूजा करने पहुंचे। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर माता रानी की आराधना की और नारियल, चुनरी, फल-फूल अर्पित किए। प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजन और आरती का आयोजन किया गया।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर सभी प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मंदिर परिसरों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया, ताकि महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांति और अनुशासन बनाए रखते हुए दर्शन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नवरात्रि के आगामी दिनों में भी मंदिरों में इसी तरह भीड़ रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article