एसीएमओ व कादरीगेट थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
फर्रुखाबाद।
जनपद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। मसेनी-कादरीगेट मार्ग पर आवास विकास तिराहे के सामने नाले के किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे स्थानीय लोगों की नजर नाले के पास पड़ी एक संदिग्ध पॉलीथिन पर गई। पास जाकर देखने पर उसमें कपड़े में लिपटा नवजात का शव मिला। यह दृश्य देखते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जो इस अमानवीय कृत्य को लेकर आक्रोश जताती नजर आईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी निर्दयी व्यक्ति—संभवतः मां—ने नवजात को जन्म देने के बाद इस तरह फेंक दिया। इस घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश और दुख है। खास बात यह है कि मसेनी क्षेत्र में कई अस्पताल मौजूद हैं, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इस इलाके में कई बार नवजात शिशु लावारिस हालत में मिल चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रंजन गौतम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। वहीं सूचना पर थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र की छानबीन की।
एसीएमओ डॉ रंजन गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



