बैंक वसूली, बिजली बिल और पारिवारिक मामलों का सुलह-संधि से समाधान, करीब 11.91 करोड़ रुपये की वसूली
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया।
लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद तथा अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर आए पक्षकारों के बीच आपसी सहमति और सुलह-संधि के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया।
लोक अदालत के दौरान बैंक वसूली से संबंधित 549 मामलों का निस्तारण करते हुए बैंकों ने कुल 6 करोड़ 32 लाख 78 हजार 500 रुपये की वसूली की। वहीं बिजली विभाग से जुड़े 60,283 मामलों का भी निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय फर्रुखाबाद जमशेद अली ने 40 पारिवारिक एवं वैवाहिक वादों का निस्तारण किया। इनमें सुलह-संधि के आधार पर 7 पति-पत्नी के जोड़ों को पुनः साथ रहने के लिए विदा किया गया, जिससे कई परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) फर्रुखाबाद के पीठासीन अधिकारी संतोष कुमार तिवारी ने 20 वादों का निस्तारण किया, जबकि जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष नरेश कुमार ने 13 मामलों का समाधान कराया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों और विभागों द्वारा चिन्हित कुल 4574 मामलों में से 4089 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन के 1,34,764 मामलों में से 1,33,680 मामलों का समाधान किया गया।
इस प्रकार कुल 1,39,338 मामलों में से 1,37,769 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए लगभग 11 करोड़ 91 लाख 10 हजार 805 रुपये की धनराशि जमा कराई गई। इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीशगण शैली राय, अभिनितम उपाध्याय, शैलेंद्र सचान, तरुण कुमार सिंह, रितिका त्यागी, दीपेंद्र कुमार सिंह, मेराज अहमद, संदीप तिवारी, सत्येंद्र कुमार वर्मा, अंजू कंबोज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट घनश्याम शुक्ला, ज्ञानेंद्र सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष जवाहर सिंह गंगवार, शिव नरेश सिंह, सुरेंद्र कुमार राणा (डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल), कार्यालय लिपिक राम सिंह मौर्य, कोर्ट मैनेजर तथा अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद के नोडल अधिकारी/अपर जनपद न्यायाधीश संजय कुमार एवं प्रभारी सचिव डॉ. जयवीर सिंह ने कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।


