फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ (Collectorate Auditorium Fatehgarh) में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में संसद-सदस्य (Member of Parliament) सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
दुर्घटनाओं के चौंकाने वाले आंकड़े
एआरटीओ-प्रवर्तन ने बताया कि नवंबर 2025 में 44 सड़क दुर्घटनाओं में 27 लोगों की मौत हुई, जबकि पूरे वर्ष में अब तक 439 दुर्घटनाओं में 253 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें सर्वाधिक दुर्घटनाएं दोपहिया वाहनों से जुड़ी हैं। जनपद के 11 ब्लैक स्पॉट में से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग 730सी पर हैं। रोहिला चौराहा, बृहमत्त स्मारक और मसेनी चौराहा पर जंक्शन डेवलपमेंट अब तक नहीं हो सका है। सांसद ने एनएचएआई अधिकारियों को नेशनल हाईवे शीघ्र दुरुस्त कराने और शुकरुल्लापुर रेल ओवरब्रिज की लाइट तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए।
नो हेल्मेट, नो पेट्रोल’ अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक “नो हेल्मेट, नो पेट्रोल” अभियान लागू है। बिना हेल्मेट पेट्रोल लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। जनवरी 2026 को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों की बैठक बुलाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, सीडीओ विनोद कुमार गौड़ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद।


