फर्रुखाबाद। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बारात में शामिल होने गए एक युवक ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचा दिया। नशे की हालत में युवक ने बारातियों से भरी बस में तोड़फोड़ कर दी। आक्रोशित लोगों ने उसे बस से उतार दिया, जिसके बाद वह पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी कुलदीप पुत्र राजू की बारात गंगा पार क्षेत्र में गई थी। इसी गांव का सुदेश पुत्र किशन लाल जाटव भी बारात में शामिल होने गया था। शादी समारोह के दौरान सुदेश ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया। नशा अधिक होने पर वह आपा खो बैठा और बारातियों से भरी बस में जमकर हंगामा करने लगा।
बताया जा रहा है कि सुदेश ने बस के अंदर सीटों और शीशों के साथ तोड़फोड़ की, जिससे बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारात में शामिल लोगों ने पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। स्थिति बिगड़ती देख बस में मौजूद लोगों ने वापस लौटते समय मऊ दरवाजा क्षेत्र में उसे नशे की हालत में बस से उतार दिया।
नशे में धुत सुदेश रातभर सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह जब इस घटना की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो उसकी मां सत्यवती, चाचा रामानंद सहित अन्य परिवारजन मौके पर पहुंचे। युवक की हालत बिगड़ी देख उसे तत्काल लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।




