कानपुर
शनिवार को सपा नेता और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ सपा नेता आजम खान की खुलकर तारीफ की और साथ ही चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनके बयानों ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उनकी और आजम खान की बराबरी की बात ही नहीं हो सकती। उन्होंने आजम खान को अपना बड़ा भाई और वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि वे उनसे अधिक काबिल हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि दोनों की तुलना करना उचित नहीं है।
एक अन्य मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने ‘एसआईआर’ प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग स्वतंत्र संस्था नहीं रह गई है और भाजपा के प्रभाव में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को निर्देश देकर वोट काटने की प्रक्रिया चलाई जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने शायरी के माध्यम से भी तंज कसा और लोगों से 2027 में सपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के होली मिलन समारोह में भाग लिया और सपा नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद वे जाजमऊ स्थित विधायक नसीम सोलंकी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने इरफान सोलंकी के परिवार और अन्य सपा विधायकों से भी मुलाकात की।


