प्रतिबिम्ब पोर्टल के जरिए साइबर टीम को बड़ी सफलता — तिर्वा कोतवाली क्षेत्र से दबोचे गए आरोपी
कन्नौज। कन्नौज पुलिस और साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से मिले साइबर इनपुट के आधार पर की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ईशन नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तीनों युवकों की पहचान मानसिंह, हिमांशु, और सनोज यादव के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन तथा फर्जी नियुक्ति पत्र मिले हैं। आरोप है कि यह गिरोह बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस का कहना है कि प्रतिबिम्ब पोर्टल के जरिए मिले डिजिटल साक्ष्यों ने गिरोह तक पहुंचने में बड़ी भूमिका निभाई। अब साइबर सेल आरोपियों के बैंक खातों, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
पुलिस ने पीड़ितों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को पैसे न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दें।


