35.3 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

गंगानगर के पीछे खुला नाला बना खतरा, कई लोग गिरकर हो चुके घायल

Must read

– सुरक्षा इंतजाम न होने से लोगों में आक्रोश, बड़ी घटना का खतरा

फर्रुखाबाद। शहर के लालगेट के पास से निकलकर गंगानगर मोहल्ले के पीछे गुजर रहा करीब 12 फुट गहरा खुला नाला लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। नाले के आसपास किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण आए दिन पैदल चलने वाले और बाइक सवार इसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद और प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के किनारे न तो कोई रेलिंग लगाई गई है और न ही चेतावनी के लिए संकेतक लगाए गए हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। कई बार बाइक सवार संतुलन बिगड़ने के कारण नाले में गिर चुके हैं और उन्हें चोटें भी आई हैं।

लोगों ने बताया कि बरसात या नाला भर जाने की स्थिति में पानी सड़क तक आ जाता है और नाले का मालवा बाहर फैल जाता है, जिससे रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि आसपास के घरों के छोटे-छोटे बच्चे भी बाहर खेलते रहते हैं, ऐसे में उनके नाले में गिर जाने का डर हमेशा बना रहता है। लोगों ने नगर पालिका परिषद और प्रशासन से मांग की है कि नाले के चारों ओर सुरक्षा दीवार या रेलिंग लगाई जाए और आवश्यक मरम्मत कराकर इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article