नवाबगंज, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 250 से अधिक अन्ना पशु सड़कों और खेतों में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे स्थानीय किसान परेशान हैं। प्रशासन दावा कर रहा है कि अन्ना पशु सड़क पर नहीं होंगे, लेकिन अधिकारियों के अधीनस्थ कर्मचारी इस आदेश को नजरअंदाज कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, नवाबगंज विकासखंड और बिजली घर के बीच दो दर्जन से अधिक अन्ना पशु रहते हैं। मुख्य मार्केट में लगभग 10-12 और मोहम्मदाबाद चौराहे पर दो दर्जन से अधिक अन्ना पशु घूमते हैं। इसके अलावा बरतल, सिरमौरा बांगर, डबौआ, नगला धोबियान, सलेमपुर, नया नगला, नगला बारग, दौलतपुर, नहरोसा, रायपुर, नगला हीरा सिंह जैसे गांवों में भी सैकड़ों अन्ना पशु किसानों की फसल को नष्ट कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि धान की फसल कटने के बाद अब आलू और गेहूं की फसल तैयार हो रही है, लेकिन अन्ना पशु खेतों में घुमकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। नवाबगंज नगर पंचायत में मात्र एक गौशाला है, जिसकी क्षमता 75 गायों की है, लेकिन रात में गोपालक गायों को खेतों में छोड़ देते हैं।
कुछ दिन पूर्व उप जिला अधिकारी कायमगंज द्वारा गौशाला का निरीक्षण किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि गायों के लिए सिर्फ भूसा का इंतजाम था और अन्य सुविधाओं की कमी थी। इस पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने एसडीएम कायमगंज को जांच रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया था।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार बैस ने बताया कि शीघ्र अन्ना पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भिजवाया जाएगा, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।






