पड़ोसी युवक पर नाबालिग को भगाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

0
59

कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने गांव के ही एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार 2 नवंबर की देर रात किशोरी अचानक घर से गायब हो गई। जब पिता ने बेटी को घर में नहीं पाया तो परिजनों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक किशोरी को अपने साथ ले गया है।

पीड़ित पिता ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा दिल्ली में मजदूरी करता है, और जिस युवक पर उन्होंने आरोप लगाया है, वह उनके बेटे का मित्र है। पड़ोसी होने के कारण उसका परिवार के साथ आना-जाना था, इसी बीच उसने बेटी को अपने झांसे में ले लिया।

इस संबंध में क्राइम इंस्पेक्टर मोहम्मद कामिल खान ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है और परिजन अपनी बेटी की सकुशल वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here