पुलिस–एसओजी टीम ने बरामद किए तमंचा, कारतूस, ईको गाड़ी और तेल से भरे पीपे
फर्रुखाबाद / मोहम्मदाबाद।
जनपद में ट्रांसफार्मर तेल और विद्युत उपकरणों की बढ़ती चोरी पर रोक लगाने के लिए सक्रिय पुलिस और एसओजी टीम को बुधवार देर रात बड़ी सफलता मिली। नहरिया क्षेत्र में ट्रांसफार्मर तेल चोरी करने पहुंचे गिरोह और पुलिस टीम के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में चोरी का सामान और हथियार बरामद किए हैं।
रात में गश्त कर रही टीम पर अचानक हमला जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस एवं एसओजी टीम बीती रात क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की तलाश में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान नहरिया के पास से गुजर रही एक संदिग्ध ईको गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया। रुकने की जगह वाहन सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। टीम ने उसे दबोच लिया, जबकि अन्य तीन बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
अपराधों का लंबा इतिहास** गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान सनी सिंह पुत्र सुख निदान सिंह, निवासी ग्राम बांसमई, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सनी सिंह पर गैंगस्टर एक्ट सहित लगभग एक दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल को मोहम्मदाबाद सीएचसी में भर्ती कराया जहां उसका उपचार जारी है।
तेल से भरे पीपे, उपकरण और हथियार मिले घटनास्थल की तलाशी में पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखे कारतूस, ईको गाड़ी, ट्रांसफार्मर तेल से भरे कई पीपे, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। बरामदगी से यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह बड़े पैमाने पर ट्रांसफार्मर से तेल और कॉपर कॉयल चोरी करने का काम करता था।
सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि हाल ही में मोहम्मदाबाद और नवाबगंज क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से तेल और उपकरण चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। पुलिस और एसओजी टीम उसी गिरोह की तलाश में थी। मुठभेड़ के बाद गिरोह के नेटवर्क और अन्य अपराधों के भी खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि फरार तीनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की।






