लखनऊ
गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के तेहरा रंजीतखेड़ा निवासी विपिन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह फरवरी में कृष्णानगर इलाके में हुई तीन चोरी की घटनाओं के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विपिन अपने साथी कुलदीप यादव के साथ कानपुर रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के पास आने वाला है। इस सूचना पर पुलिस ने कृष्णानगर के मानसनगर रोड स्थित डूडा कॉलोनी के पास चेकिंग शुरू कर दी। देर रात करीब ढाई बजे दोनों बदमाश बाइक से आते दिखे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली विपिन के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जबकि उसका साथी कुलदीप यादव मौके से फरार होने में सफल रहा।
मौके से पुलिस ने .315 बोर का तमंचा, कारतूस, खोखा, सोने जैसे दिखने वाले आभूषण और बाइक बरामद की है। अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपी लंबे समय से चोरी, छिनैती और संगठित अपराधों में सक्रिय था और उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले थे।
पुलिस के अनुसार, विपिन पिछले 8 वर्षों से लखनऊ में सक्रिय था और कई थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। अब पुलिस फरार आरोपी कुलदीप यादव की तलाश में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


