बरेली जनपद के फतेगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में पुलिस और एक 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तस्कर कामिल गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मुठभेड़ में उपनिरीक्षक पंकज कुमार भी जख्मी हो गए।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी कामिल घायल हो गया।
घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू और रस्सी बरामद की गई है। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घायल उपनिरीक्षक पंकज कुमार को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर कामिल के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
बरेली में पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, तस्कर कामिल घायल, दरोगा भी जख्मी


