उन्नाव।जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पंछी विहार रिंग रोड पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और बाइक बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंछी विहार रिंग रोड पर पुलिस-बदमाश मुठभेड़, एक घायल, दूसरा गिरफ्तार


