28 C
Lucknow
Sunday, April 12, 2026

हत्या का खुलासा: मजाक और गाली से नाराज युवक ने सोते व्यक्ति की डंडे से पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Must read

 

हरदोई
अतरौली थाना क्षेत्र में एक महीने पुरानी हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह मामला 12 मार्च 2026 को ग्राम आदमपुर में सामने आया था, जहां एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे गांव को हिला दिया था।

घटना में गांव निवासी केशन पुत्र भिन्ना का शव उनके ही घर में तख्त के नीचे मिला था। शव की हालत देखकर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की नाक से खून बह रहा था और जीभ दांतों के बीच दबी हुई थी, जिससे मामला शुरू में संदिग्ध लग रहा था।

सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य एकत्र किए गए। शुरुआती जांच में किसी ठोस सुराग के बिना पुलिस के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बेनीगंज थाना क्षेत्र के मल्लनपुर गांव निवासी गुड्डू उर्फ ओमकार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिससे पूरे मामले की परतें खुल गईं।

आरोपी ने बताया कि 11 मार्च को वह दवा लेने आदमपुर गया था, जहां मृतक केशन ने उससे मजाक किया और गाली-गलौज कर दी। इसी बात से गुस्से में आकर उसने रात में केशन के घर में घुसकर सोते समय डंडे से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article