पुवायाँ (शाहजहाँपुर)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुवायाँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपने ही साथी की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था। मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी धनीराम ने 27 मार्च 2026 को थाना पुवायाँ में तहरीर देकर बताया था कि राजपाल पुत्र शेर सिंह (निवासी ग्राम हरना नंगला) उनके पुत्र अजयपाल को काम दिलाने के बहाने अपने साथ जनपद हमीरपुर ले जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में उन्नाव जनपद के थाना बाँगरमऊ क्षेत्र के नसीरपुर/भिक्कनपुर के पास अभियुक्त ने अजयपाल के साथ बेरहमी से मारपीट की। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान अजयपाल की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक पुवायाँ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बड़ागांव हाईवे फ्लाईओवर के पास से आरोपी राजपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


