मुंबई: मुंबई प्रेस क्लब (Mumbai Press Club) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल (email) मिला। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि परिसर में गैस बम लगाया गया है और दोपहर 1 बजे विस्फोट होगा। मुंबई पुलिस ने परिसर की गहन जांच शुरू कर दी है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) की टीमों ने खोजी कुत्तों के साथ मिलकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ईमेल प्रोटॉन मेल के जरिए भेजा गया था और साइबर टीमें इसके स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं। अभी तक घटनास्थल पर कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि ईमेल “नीरजा अजमल खान” के नाम से भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि भेजने वाले ने संदेश में कुछ राजनीतिक दावे भी किए हैं। साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस घटना का गंभीर संज्ञान लिया है। मुंबई प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और उन्होंने धमकी को अफवाह बताया। मुंबई में कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर मिल रही इसी तरह की धमकियों के बीच यह घटना घटी है।
एक दिन पहले ही बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भेजा गया था। ईमेल में कहा गया था कि परिसर के शौचालयों में साइनाइड मिले 19 बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1:30 बजे फटेंगे। पुलिस और बम निरोधकों ने वहां भी विस्तृत जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पिछले सप्ताह महाराष्ट्र विधान भवन को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या ये घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं, जबकि बार-बार मिल रही फर्जी धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बना हुआ है और पूरे शहर में दहशत फैली हुई है।
मुंबई प्रेस क्लब ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “मुंबई प्रेस क्लब को 19 मार्च, 2026 को अपने आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल की जानकारी 20 मार्च की सुबह मिली, जिसके बाद सचिव मयूरेश गणपति ने तुरंत आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया। डीसीपी जोन I, प्रवीण मुंडे को भी सूचित किया गया।”


