मुक्काकांड : न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचे अपना दल एस जिला अध्यक्ष रिंकू कटियार

0
110

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पर खुद के साथ मुक्के और लाठी डंडों से हमले का लगाया आरोप

जहानगंजl लक्ष्मण नगला गांव में बीती गुरुवार रात पुरानी सियासी रंजिश इस कदर भड़क उठी कि तिलक समारोह से लौट रहे दो स्थानीय नेताओं के बीच सड़क पर ही जबरदस्त झड़प हो गई। अपना दल (एस) के जिला अध्यक्ष जितेंद्र रिंकू कटियार और समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सौरभ कटियार के बीच यह विवाद पुरानी खुन्नस का नतीजा बताया जा रहा है।
रिंकू कटियार ने आरोप लगाया कि जैसे ही वह तिलक कार्यक्रम से निकल कर जहानगंज चौराहे पहुंचे, तभी सौरभ कटियार ने रास्ता रोककर उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि सौरभ ने न सिर्फ मुक्कों से वार किए, बल्कि लाठी-डंडों से भी हमला कर हालात बिगाड़ दिए। रिंकू किसी तरह जान बचाकर थाना जहानगंज पहुंचे और सौरभ कटियार के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, दूसरी ओर सौरभ कटियार ने भी पलटवार करते हुए रिंकू के खिलाफ तहरीर दे डाली, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है। थाना अध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच पहले से चली आ रही रंजिश ही इस टकराव की जड़ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उधर, रिंकू कटियार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया और दोषियों पर तुरंत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। गांव में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और दोनों गुटों में तनाव साफ दिख रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here