कनक भवन में किया दर्शन-पूजन, मंत्रोच्चार के साथ हुआ स्वागत
अयोध्या। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को अयोध्या पहुंचे। अयोध्या आगमन के दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कनक भवन मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया।
मंदिर परिसर में पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया। दर्शन-पूजन के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता के चरणों में माथा टेककर देश और लोकतंत्र के लिए मंगलकामना की।
मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे को देखते हुए कनक भवन और आसपास के क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
हालांकि इस दौरान किसी औपचारिक बैठक की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त के अयोध्या दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




