कानपुर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के तीव्र विकास और विस्तार को नई दिशा देने के उद्देश्य से कानपुर में आयोजित होने जा रहे NSE के SME IPO जागरूकता कार्यक्रम ‘कारोबार की उड़ान’ को लेकर रमेश अवस्थी, सांसद कानपुर, ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकार बंधुओं को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि MSME देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और कानपुर जैसे औद्योगिक शहर में छोटे व मध्यम उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार कानपुर में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा SME IPO को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाना उद्यमियों के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे वे पूंजी बाजार से जुड़कर अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगे।
सांसद ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से MSME उद्यमियों को IPO लाने की प्रक्रिया, पात्रता, नियम, लाभ और संभावित जोखिमों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। साथ ही यह भी समझाया जाएगा कि सूचीबद्ध होने से न केवल पूंजी की उपलब्धता बढ़ती है, बल्कि उद्योग की विश्वसनीयता और ब्रांड वैल्यू में भी इजाफा होता है।
रमेश अवस्थी ने कहा कि आज भी कई छोटे उद्योग बैंक ऋण और सीमित संसाधनों पर निर्भर हैं, जबकि SME प्लेटफॉर्म उन्हें विकास और विस्तार का वैकल्पिक और प्रभावी रास्ता देता है। ऐसे कार्यक्रमों से न केवल उद्योग मजबूत होंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी जानकारी दी गई कि ‘कारोबार की उड़ान’ कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञ, वित्तीय सलाहकार और NSE के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो MSME उद्यमियों को व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। सांसद ने उद्यमियों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।





