लोहिया अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में उमड़ रही मरीजों की भीड़, प्रतिदिन 50 मरीज पहुंच रहे इलाज के लिए

यूथ इंडिया (संदीप सक्सेना)

फर्रुखाबाद। जिले में सर्दी का सीजन शुरू होते ही मोतियाबिंद के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय के नेत्र रोग विभाग में इन दिनों मोतियाबिंद के मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अस्पताल में तैनात वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मेघा सक्सेना एवं डॉक्टर आकांक्षा तिवारी द्वारा मरीजों की नियमित जांच कर उन्हें बेहतर और सुरक्षित उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
नेत्र रोग विभाग में पहुंच रहे अधिकांश मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। डॉक्टर मेघा सक्सेना ने बताया कि सर्दी के मौसम में मोतियाबिंद के ऑपरेशन अधिक सफल माने जाते हैं। ठंड के मौसम में संक्रमण की संभावना कम रहती है और घाव जल्दी भरते हैं, जिससे मरीज तेजी से स्वस्थ हो जाता है। यही कारण है कि सर्दियों के दौरान मरीज मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराना अधिक पसंद करते हैं।
डॉ. मेघा सक्सेना के अनुसार प्रतिदिन लगभग 50 मोतियाबिंद के मरीज इलाज के लिए नेत्र रोग विभाग पहुंच रहे हैं, जिनका बेहतर ढंग से परीक्षण कर सफल ऑपरेशन किए जा रहे हैं। वहीं डॉक्टर आकांक्षा तिवारी भी मरीजों की देखरेख में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं और हर मरीज को आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सर्दी बढ़ने के साथ आंखों से जुड़ी अन्य समस्याएं भी सामने आ रही हैं। डॉक्टरों ने बताया कि ठंड के मौसम में आंखों में एलर्जी, सूखापन और जलन की शिकायतें बढ़ जाती हैं। यह समस्या अब बच्चों में भी देखने को मिल रही है। इसके अलावा कोहरे के मौसम में बिना चश्मा या हेलमेट लगाए वाहन चलाने वाले चालकों की आंखों में लालपन, सूजन और पानी आने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।
डॉ. मेघा सक्सेना ने बताया कि इन सभी आंखों से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए नेत्र रोग विभाग में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं। मरीजों को समय पर जांच, उचित दवाइयां और परामर्श दिया जा रहा है, ताकि आंखों की किसी भी गंभीर समस्या से बचा जा सके।
अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों की इस सक्रियता से मरीजों में भरोसा बढ़ा है और बड़ी संख्या में लोग सर्दी के मौसम में आंखों का इलाज कराने लोहिया अस्पताल पहुंच रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here