लखनऊ। राजधानी में शनिवार से मोंथा तूफान का असर घट गया है और बादलों की सक्रियता कम हो गई है। इसके साथ ही बीते दो-तीन दिनों से हो रही रिमझिम बारिश का दौर भी थम गया है। अब आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने लगेगी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप के असर से दिन के अधिकतम तापमान में बढ़त होगी, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों में लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में उतनी ही गिरावट संभव है। इससे रातें धीरे-धीरे सर्द होने लगेंगी और सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को दिन का तापमान 1.7 डिग्री की बढ़त के साथ 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री की गिरावट के साथ 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बीते दो दिनों में हुई बारिश ने राजधानी की हवा को भी काफी हद तक शुद्ध कर दिया है। शुक्रवार को लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 50 से नीचे पहुंच गया, जो ‘अच्छी’ श्रेणी में आता है। गोमतीनगर की हवा सबसे बेहतर रही, जहां एक्यूआई 36 दर्ज किया गया। कुकरैल में 40, बीबीएयू में 54, तालकटोरा में 56 और अलीगंज में 61 का एक्यूआई दर्ज हुआ। बारिश से प्रदूषण के कण धुल जाने से हवा की सेहत में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में जहां दिन में धूप का असर बढ़ेगा, वहीं रातें अब ठंडी और सर्द हवाओं वाली होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here