17.5 C
Lucknow
Tuesday, March 3, 2026

मोकामा हत्याकांड से गरमाई बिहार की सियासत

Must read

जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार, परिवार ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की माँग की

पटनाl बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले मोकामा में हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड ने पूरे प्रदेश की सियासत को हिला दिया है। इस मामले में जेडीयू के मोकामा प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है। घटना के बाद मृतक परिवार, पुलिस और नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आए हैं।दुलारचंद यादव के पोते नीरज यादव ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर नाराज़गी जताई और कहा,
“अनंत सिंह गिरफ्तार हो गए हैं, लेकिन बाकी चार आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। अनंत सिंह ‘सरदार’ है, उसके चार ‘चेले’ आज़ाद हैं। वे मेरी जान के लिए खतरा हैं। इसके पीछे एक साजिश है, और इस केस में बहुत से लोग शामिल हैं। मेरी मांग है कि बाकी चारों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। मैं चाहता हूँ कि अनंत सिंह को मौत की सजा दी जाए। मुझे लगता है कि सरकार भी इसमें शामिल है। सिर्फ एक आदमी गिरफ्तार हुआ है, बाकी चार 6 नवंबर के बाद गिरफ्तार होंगे। मैं सभी से गुज़ारिश करता हूँ कि मुझे और मेरे परिवार को इंसाफ दिलाया जाए। हमें सिर्फ न्याय चाहिए।डीजीपी ने दी जानकारी
राज्य के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि एसएसपी पटना ने प्रेस ब्रीफिंग में पूरी कार्रवाई का ब्यौरा दिया है। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला जांच के अधीन है। “घटना के दौरान दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प हुई थी। पत्थरबाज़ी भी हुई। कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। मर्डर केस समेत अब तक 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियाँ सबूतों के आधार पर की जा रही हैं। हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है, लेकिन उसे खोजने की कोशिशें जारी हैं,डीजीपी ने कहा।
राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “हम जाति, धर्म या परिवार नहीं देखते, जो दोषी है उस पर कार्रवाई होगी।उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “तेजस्वी बताएं कि उन्होंने ऐसे अपराधियों को टिकट क्यों दिया? आखिर राजनीतिक मजबूरी क्या थी?हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, “यही है नीतीश कुमार का सुशासन। वे न किसी को बख्शते हैं, न फंसाते हैं। कानून अपना काम कर रहा है। कार्रवाई सबूतों के आधार पर हो रही है।कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह गिरफ्तारी प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से जुड़ी है। उन्होंने कहा, “आज प्रधानमंत्री का रोड शो है, इसलिए यह कार्रवाई की गई। यही असली जंगलराज है, जहां चुनाव के बीच नेताओं पर गोलियाँ चल रही हैं।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “अगर सरकार अपराधियों को बचा रही होती, तो यह कार्रवाई नहीं होती। नीतीश कुमार की सरकार में न किसी को फंसाया जाता है, न बचाया जाता है। न्यायिक प्रक्रिया में जो भी दोषी होगा, उसे सजा मिलेगी।सुरक्षा कड़ी, माहौल तनावपूर्ण
अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सभी वाहनों की जांच की जा रही है और लगातार पुलिस पेट्रोलिंग जारी है। पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता में है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।दुलारचंद यादव के परिवार ने साफ कहा है कि जब तक पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें सजा नहीं मिलती, तब तक वे अपने दादाजी का ‘ब्रह्मभोज’ नहीं करेंगे। नीरज यादव ने कहा, “मेरे दादाजी की मौत किसी बीमारी से नहीं हुई, उनकी हत्या की गई है। जब तक सभी हत्यारों को सजा नहीं मिलती, हम कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं करेंगे।मोकामा की यह घटना अब बिहार चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है। सत्ताधारी गठबंधन और विपक्ष दोनों पक्ष इस मामले को अपने-अपने राजनीतिक नजरिए से देख रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article