मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 23/24 मार्च 2026 की रात थाना क्षेत्र के ग्राम गैसिंगपुर में 32 वर्षीय लखन कश्यप की उस समय हत्या कर दी गई, जब वह घर के बाहर सो रहे थे। इस संबंध में मृतक के पिता रामनिवास कश्यप की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम गैसिंगपुर निवासी नितुल उर्फ नितुल पाल पुत्र ललाराम (उम्र करीब 21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि क्षेत्र के एक महिला से प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने रात में सो रहे लखन कश्यप पर फावड़े से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने फावड़ा छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


